Breaking : मालदा DRM ने किया साहिबगंज रेल परिसर में वन महोत्सव का शुभारंभ
Sahibganj News : वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग साहिबगंज की ओर से 72वां वन महोत्सव 2021शुक्रवार को रेलवे परिसर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि उपायुक्त रामनिवास यादव, राजमहल विधायक अनंत ओझा, मालदा डिविजन के डीआरएम जितेंद्र कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी, पर्यावरणविद सह भू वैज्ञानिक डॉक्टर रणजीत कुमार सिंह एवं नगर परिषद अध्यक्ष श्रीनिवास यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
लोको शेड में लगाए गए 10,000 पेड़
कार्यक्रम के तहत जिला वन प्रमंडल के सौजन्य से 10,000 पेड़ रेलवे के लोको शेड में लगाया गया। बता दें कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अभूतपूर्व पहल करते हुए आज राजमहल विधायक, जिला उपायुक्त, मालदा डीआरएम,वन समिति एवं साहिबगंज महाविद्यालय के एनएसएस के वोलेंटियर्स के द्वारा लोको शेड में वृहत पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने बताया कि रेलवे परिसर में जिला प्रशासन एवं वन विभाग के सहयोग से 10,000 पेड़ लगाए गए हैं, जबकि यहां 17,000 पेड़ और लगाए जाएंगे।
अथितियों ने वन महोत्सव के विषय में बताया कार्यक्रम के दौरान मालदा डिवीजन के डीआरएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण तथा जलवायु परिवर्तन को देखते हुए हम सभी को पर्यावरण बचाने की दिशा में पहल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वन महोत्सव के रूप में समाज को एक सकारात्मक संदेश जा रहा है कि हम व्यस्तता के इस दौर में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर विषय को भूल गए हैं, जिसे हमें न सिर्फ याद रखने की आवश्यकता है बल्कि अपने - अपने स्तर पर प्रयास करने की भी आवश्यकता है।
वन महोत्सव कार्यक्रम में राजमहल विधायक अनंत ओझा ने कहा कि हर व्यक्ति अगर अपने - अपने स्तर से पौधारोपण करे तो न सिर्फ हमारा जिला हरा - भरा रहेगा बल्कि हम जलवायु परिवर्तन के अनेकों प्रभावों से भी बच सकेंगे।
इस दौरान उपायुक्त राम निवास यादव ने कहा - हमारे जीवन के लिए पेड़ - पौधे अनमोल हैं, जो हमारे लिए शुद्ध हवा देते हैं। इसलिए लोग पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और पेड़ों को बचाने के लिए अपनी महती भूमिका अदा करें।
आगे उन्होंने कहा कि समय रहते हम सभी को एक साथ आकर सहयोगात्मक एवं समन्वय की भावना से स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण के लिए काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन को अभियान के रूप में लेने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि लोग वृक्ष की महत्ता को पहचानें तथा वृक्षारोपण के साथ - साथ इसका संरक्षण भी करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं वन विभाग जिले में वृक्षारोपण के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने कहा कि वन महोत्सव, वन बचाने की दिशा में एक प्रयास है। अगर हम सभी अपने - अपने स्तर से वृक्षारोपण करें तो निश्चय ही यह प्रयास सफल हो सकेगा।
आगे उन्होंने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य है कि हम सभी वृक्षारोपण को सकारात्मक रूप में लें एवं व्यक्तिगत स्तर से अपने आसपास या अपने घरों में वृक्षारोपण करें।
Connect with Sahibganj News on Telegram and get direct news on your mobile, by clicking on Telegram.
0 Response to "Breaking : मालदा DRM ने किया साहिबगंज रेल परिसर में वन महोत्सव का शुभारंभ"
Post a Comment