विश्व जनसंख्या दिवस पर साहिबगंज महाविद्यालय में हुआ गोष्ठी का आयोजन
Sahibganj News : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर साहिबगंज महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से ऑनलाइन विचार - विमर्श गोष्ठी का आयोजन प्रभारी प्राचार्य डॉक्टर राहुल कुमार संतोष के नेतृत्व में किया गया।
गोष्ठी का विषय '"जनसंख्या नियंत्रण में महिलाओं की भूमिका"' थी। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि जनसंख्या में वृद्धि वैश्विक समस्या बन गई है।
जनसंख्या वृद्धि पर हमारा संसाधन सीमित है। विधायक ने सरकार से जनसंख्या नीति बना कर एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने में सहयोग करने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि आज बढ़ती जनसंख्या की वजह से न केवल हमारा देश अपितु पूरा विश्व बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है।
इसलिए उन्होंने इस बढ़ते जनसंख्या विस्फोट को कम करने एवं जनसंख्या नियंत्रण में महिलाओं को आगे आने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।
वहीं काशी हिंदू विश्वविद्यालय से जुड़े राष्ट्रीय सेवा योजना वाराणसी के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. बाला लखेंद्र ने बताया कि आज बढ़ती हुई जनसंख्या हमारे देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती है।
स्वतंत्रता प्राप्ति के समय जहां हमारे देश की जनसंख्या मात्र 33 करोड़ थी, आज जनसंख्या लगभग 140 करोड़ हो गई है। जनसंख्या वृद्धि के कारण ही हमारे सामने अनेक प्रकार की चुनौतियां उत्पन्न हुई है।
बेरोजगारी, गरीबी, भूखमरी, स्वास्थ्य की समस्या, आवास की कमी, ये सभी समस्याएं जनसंख्या वृद्धि का ही परिणाम है। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी आबादी को भोजन, वस्त्र, आवास, शिक्षा, चिकित्सा व अन्य सुविधाएं प्रदान करना किसी भी राष्ट्र के लिए कठिन है।
इस समस्या का समाधान जनसंख्या वृद्धि को रोकने के बाद ही संभव है। बढ़ती जनसंख्या की वजह से महिलाओं में शिक्षा की कमी है। आज अगर जनसंख्या को नियंत्रित करना है तो सर्वप्रथम महिलाओं को शिक्षित करना होगा, तभी जनसंख्या को नियंत्रित किया जा सकता है।
मुंगेर विश्वविद्यालय के एचएस महाविद्यालय के हवेली खड़गपुर के डॉक्टर चंदन चंद्र चुन्ना ने बताया कि एक पुरुष को शिक्षित करने का मतलब है एक व्यक्ति को शिक्षित करना, जबकि एक महिला को शिक्षित करने का मतलब एक परिवार को शिक्षित करना।
इससे ही जनसंख्या नियंत्रण में महिलाओं की भूमिका स्पष्ट हो जाती है। उत्पादन के साधनों में अति महत्वपूर्ण मानव संसाधन हैं, जो ना केवल साधन है, बल्कि साध्य भी है। किंतु इसके बढ़ जाने से अनुत्पादक व्यय में वृद्धि हो जाती है।
जो किसी भी अर्थव्यवस्था के लिए उचित नहीं है। अतः बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण होना आवश्यक है। इसके लिए हमें गुणात्मक एवं मात्रात्मक नियंत्रण करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 'एकल नारी ब्रह्मचारी' को अपनाकर हम जनसंख्या पर नियंत्रण पा सकते हैं।
कार्यक्रम में साहिबगंज महाविद्यालय के एनएसएस वालंटियर ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं अपने विचारों को रखा। एनएसएस वॉलिंटियर् खुशीलाल पंडित ने बताया कि बढ़ती जनसंख्या की वजह से बेरोजगारी बहुत तेजी से फैल रही है एवं जनसंख्या वृद्धि के कारण महिलाओं में विकास की दर बहुत कम हो गई है।
जिसकी वजह से महिलाएं अपने लक्ष्य से दूर होती जा रही हैं। खुशीलाल ने अपनी कविता के माध्यम से लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूक किया। वहीं नमिता कुमारी ने बताया कि बढ़ती जनसंख्या की वजह से हमारे देश की अर्थव्यवस्था व आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है।
इसलिए इसे नियंत्रित करने की आवश्यकता है। राजस्थान स्कूल की शिक्षिका रेणु गुप्ता ने कहा जनसंख्या दिवस का उद्देश्य बढ़ती हुई जनसंख्या को नियंत्रित करना, उपस्थित जनसंख्या का समुचित उपयोग, समान अधिकार, न्याय, विशेष तौर पर महिलाओं के अधिकारों में वृद्धि करना है।
भारतीय समाज पितृसत्तात्मक है। इस कारण ऐसे जनसंख्या नियंत्रण से सम्बंधित मामले अधिकतर पुरुष ही लेते हैं।इसलिए अगर महिलाओं को शिक्षित, सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाया जाए तो वह निश्चित रूप से राष्ट्र के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
मौके पर एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. रणजीत कुमार सिंह, साहिबगंज महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राहुल कुमार संतोष, एचएस महाविद्यालय हवेली खडगपुर, मुंगेर विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्राचार्य सह एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉक्टर चंदन चंद्र चुन्ना, आगरा उत्तर प्रदेश से प्रो. तिलक राज सिंह चौहान,
शिक्षिका रेणु गुप्ता, दीनानाथ झा आदि मौजूद थे। जबकि साहिबगंज महाविद्यालय की ओर से एनएसएस वॉलिंटियर खुशीलाल पंडित, कनक झा, नमिता कुमारी, अनिकेत कुमार, विक्रम शर्मा, विनय टुडू, मोती लाल सरकार, दीक्षा, अनुराधा, कंचन, मधुकर, बिक्रम, साहिल, मानसी, साहिबा, परवीन सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Connect with Sahibganj News on Telegram and get direct news on your mobile, by clicking on Telegram.
0 Response to "विश्व जनसंख्या दिवस पर साहिबगंज महाविद्यालय में हुआ गोष्ठी का आयोजन"
Post a Comment