सूरत की अदालत द्वारा राहुल को दी गई दो साल की सजा मामले पर झारखंड में हंगामा: सदन के वेल में आए कांग्रेस विधायक, गैर भाजपा सरकारों व नेताओं को बनाया जा रहा है साजिश का शिकार - हेमंत सोरेन
रांची : कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा 2019 में मोदी सरनेम को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में गुरुवार को सूरत की अदालत ने फैसला सुना दिया। इसके बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है।
दिल्ली से लेकर अन्य राज्यों में भी कांग्रेस पार्टी पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस विधायकों ने झारखंड विधानसभा में हंगामा किया। उन्होंने कोर्ट के फैसले के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस विधायक जोर-जोर से नारे लगाते हुए सदन के वेल में आ गए और 'भाजपा की हिटलरशाही नहीं चलेगी' जैसे नारे लगाए। साथ ही भाजपा विधायकों ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारे लगाए और वो भी विधानसभा की वेल में आ गए। मामला बढ़ता देख अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विधायकों को अपनी सीटों पर बैठने को कहा, लेकिन उनका अनुरोध अनसुना कर दिया गया।
इसके बाद उन्होंने सदन को दोपहर 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। दोपहर करीब 12.35 बजे सदन फिर से शुरू हुआ,लेकिन कांग्रेस विधायकों के हंगामे के कारण सिर्फ दस मिनट बाद इसे फिर से दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने सदन में प्रश्न में इस मुद्दे को उठाया और भाजपा कि निंदा की।
उन्होंने कहा कि क्या लोकतंत्र में आवाज उठाना अपराध है?भाजपा ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया है और देश में अभिव्यक्ति की आजादी का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। इसकी इजाजत नहीं दी जाएगी। हम इसकी निंदा करते हैं। कांग्रेस के अन्य सदस्यों ने उनकी बात का समर्थन किया और सदन के वेल में उनके साथ आ गए।
गैर-भाजपा सरकारों, नेताओं को बनाया साजिश का शिकार
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को सूरत की एक अदालत द्वारा राहुल गांधी को दी गई दो साल की सजा को लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय बताया और आरोप लगाया कि गैर-भाजपा सरकारों और नेताओं को साजिश का शिकार बनाया जा रहा है। सीएम सोरेन ने कहा कि हालांकि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन वह 2019 में कांग्रेस नेता को उनकी "मोदी सरनेम" वाली टिप्पणी को लेकर दायर आपराधिक मानहानि मामले में सजा सुनाए जाने के फैसले के खिलाफ हैं।
Connect with Sahibganj News on Telegram and get direct news on your mobile, by clicking on Telegram.
0 Response to "सूरत की अदालत द्वारा राहुल को दी गई दो साल की सजा मामले पर झारखंड में हंगामा: सदन के वेल में आए कांग्रेस विधायक, गैर भाजपा सरकारों व नेताओं को बनाया जा रहा है साजिश का शिकार - हेमंत सोरेन "
Post a Comment