लल्ला का हुआ जन्म तो जयकारों से गूंज उठा शहर, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत


साहिबगंज : सोमवार को अपने लल्ला के स्वागत को साहिबगंज शहर तैयार था। कोई एक मंदिर नहीं, अपितु समूचे जिले के मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया था। रंग – बिरंगी लाइटों से साहिबगंज शहर जगमगा रहा था। अपने कान्हा के स्वागत को दूर–दूर से श्रद्धालु पहुंचे थे।

लल्ला का हुआ जन्म तो जयकारों से गूंज उठा शहर, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

श्रद्धालु भजन कीर्तन में मस्त होकर भजन–कीर्तन गाते हुए मस्ती में झूम रहे थे। यहां आनंद और उल्लास में डूबे भक्त, भूख और प्यास को भूलकर आराध्य के जन्म की प्रतीक्षा में सोमवार मध्यरात्रि घड़ी की टिक-टिक करती सुइयों को व्याकुलता से निहार रहे थे।

रात्रि 12 बजे घड़ी की दोनों सुइयों का संगम होते ही भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की अष्टमी पर कान्हा के जन्म का उद्घोष हो गया। नटवर नागर के जन्मोत्सव के लाखों श्रद्धालु साक्षी बने। अजन्मे के जन्म पर मंत्रोच्चारण के बीच शंखनाद हुआ, तो मानो यहां की लता-पता भी झूम उठीं।

देवकीनंदन के जन्मोत्सव पर मानो जिले का कण-कण धन्य हो गया। सदर प्रखंड सहित पूरे जिले के मंदिरों में प्रगट भये गोपाला... और बधाई गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। इससे पहले शाम को कान्हा के स्वागत में विभिन्न समितियों द्वारा नगर में धूमधाम से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों के दर्शन कर भक्तजन मंत्रमुग्ध होकर नाचने लगे। इसका जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। झांकियों के मध्य बैंड-बाजे एवं ढोल–नगाड़े की धुन पर भक्तजन नाचते-झूमते चल रहे थे। भगवान की झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया।

साहिबगंज से संजय कुमार धीरज

Related News

0 Response to "लल्ला का हुआ जन्म तो जयकारों से गूंज उठा शहर, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत"

Post a Comment

साहिबगंज न्यूज़ की खबरें पढ़ने के लिए धन्यवाद, कृप्या निचे अनुभव साझा करें.

Iklan Atas Artikel

Iklan Tengah Artikel 2

Iklan Bawah Artikel