मौनी अमावस्या पर 29 जनवरी को बन रहा शुभ संयोग
साहिबगंज : जिले भर में मौनी अमावस्या 29 अनवरी को मनाई जा रही है। इस बार मौनी अमावस्या पर शुभ संयोग बन रहे हैं। इस दिन त्रिवेणी, नवपंचम और सिद्ध योग का विशेष संयोग बन रहा है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा – अर्चना करने से पापों से मुक्ति मिलती है और ग्रह दोष का निवारण होता है।
पंडित अमरकांत ठाकुर ने बताया कि मौनी अमावस्या को माघी अमावस्या के रूप में भी जाना जाता है। इस दिन मकर संक्रान्ति में सूर्य, चंद्रमा और बुध ग्रह के योग से त्रिवेणी योग का निर्माण होगा। इस दौरान देवगुरु बृहस्पति अपनी नवम दृष्टि से तीनों ग्रहों को देखेंगे।
इससे नवपंचम ग्रह का निर्माण होगा। साथ ही इस दिन सिद्धि योग का संयोग भी बन रहा है। उन्होंने बताया कि इस योग में किए गए सभी कार्य सिद्ध होते हैं। इस योग का संयोग 28 जनवरी की रात 12:15 बजे से 29 जनवरी की रात 10:25 बजे तक रहेगा।
इस दिन भक्त पवित्र नदियों, खासकर गंगा में स्नान करने के बाद पूरे दिन मौन व्रत का पालन करेंगे। गंगा में डुबकी लगाने से शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि होती है। मौनी अमावस्या के दिन स्नान, ध्यान, दान, जप– तप, व्रत की कथा पाठन करने का विधान है।
इस शुभ दिन पर पवित्र ग्रंथों, पुराणों, गीता, रामायण, भागवत और आध्यात्मिक ग्रंथों को पढ़ने से दिव्य ज्ञान की प्राप्ति होती है। इस दिन के किए कार्यों में यज्ञ और कठोर तपस्या करने जैसे फल की प्राप्ति होती है। इस दिन किया गया दान शनि देव के कुप्रभावों और दुष्प्रभावों से भी बचाता है। माना जाता है कि मौनी अमावस्या के दिन ऋषि मनु का जन्म हुआ था, मनु शब्द से ही मौनी की उत्पत्ति हुई है।
0 Response to "मौनी अमावस्या पर 29 जनवरी को बन रहा शुभ संयोग"
Post a Comment