छह घंटे से अधिक रहा रेल ब्लॉक, कई ट्रेनें खुली विलंब से, यात्रियों को हुई काफी परेशानी
साहिबगंज : मालदा रेल मंडल अंतर्गत झारखंड के साहिबगंज से बिहार के भागलपुर स्टेशन के बीच रविवार को छह घंटे का रेल ब्लॉक लिया गया था। रेलवे द्वारा पूर्व में ही 19 जनवरी को रेल ब्लॉक की जानकारी दे दी गई थी।
साहिबगंज – भागलपुर रेल पथ के करामटोला के निकट एलसी फाटक संख्या 01 व पीरपैंती और शिवनारायणपुर के बीच एलसी फाटक संख्या 5 पर विभाग द्वारा मरम्मती कार्य के आलोक में यह ब्लॉक लिया गया था।
इन दो जगहों पर ब्लॉक लेने के कारण रविवार को कई ट्रेनों का समय परिवर्तन कर दिया गया, वहीं धुलियान पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया, जो सकरी गली स्टेशन पर दिनभर खड़ी रही।
बताया जाता है कि भागलपुर – साहिबगंज डीएमयू ट्रेन को रद्द कर दिया गया। वहीं, 53403 रामपुरहाट – गया पैसेंजर को तीन घंटे री–शेड्यूल किया गया। 53416 जमालपुर – साहिबगंज पैसेंजर को कहलगांव स्टेशन तक चलाने का निर्णय लिया गया था।
वहीं, 53415 साहिबगंज – जमालपुर पैसेंजर ट्रेन को कहलगांव तक ही चलाया गया। दूसरी ओर 12 बजे साहिबगंज से खुलने वाली ट्रेन संख्या 53412 का समय परिवर्तन करते हुए 3:30 बजे बरहरवा के लिए चलाया गया। वहीं, बरहरवा से खुलने वाली ट्रेन 53434 का समय परिवर्तन करने के बाद यह ट्रेन शाम 5 बजे साहिबगंज के लिए खुली।
इधर रेल ब्लॉक के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिकांश रेल यात्री बरहरवा और भागलपुर के थे, जिसे प्लेटफॉर्म पर ही समय बिताना पड़ा। इस दौरान यात्रियों को भोजन और पेयजल के लिए इधर – उधर भटकना पड़ा। खासकर बुजुर्ग, बच्चों और महिलाओं को अधिक परेशानी हुई।
इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक राजहंस पाठक ने बताया कि साहिबगंज - भागलपुर रेल खंड के दो स्थानों पर छह घंटों का ब्लॉक लिया गया था। इस दौरान कई ट्रेनों के परिचालन के लिए समय में बदलाव किया गया था। यात्रियों को हुई परेशानी पर उन्होंने खेद प्रकट किया है।
साहिबगंज से संजय कुमार धीरज
0 Response to "छह घंटे से अधिक रहा रेल ब्लॉक, कई ट्रेनें खुली विलंब से, यात्रियों को हुई काफी परेशानी"
Post a Comment